सड़क हादसे में बाइक सवार आढ़तिया की मौत, मधुपुर सीएचसी पर लोगों ने किया हंगामा।

 सड़क हादसे में बाइक सवार आढ़तिया की मौत, मधुपुर सीएचसी पर लोगों ने किया हंगामा। 



मधुपुर (सोनभद्र)। सुकृत चौकी क्षेत्र के मधुपुर-नौगढ़ मार्ग पर दोमुंहा पुल के समीप मंगलवार की शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मधुपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर स्थानीय लोगों और परिजनों ने अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए जमकर हंगामा किया।



प्राप्त जानकारी के अनुसार मधुपुर सब्जी मंडी में आढ़त का व्यवसाय करने वाले राजभूषण सिंह (38) पुत्र प्रेम, निवासी मधुपुर, मंगलवार की शाम अपने व्यावसायिक कार्य से बाइक द्वारा मधुपुर से नौगढ़ की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान दोमुंहा पुल के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार एक ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर दूसरे वाहन से टकरा गई, जिससे हादसा हुआ।



घायल अवस्था में परिजन उन्हें मधुपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर करने की बात कही। हालांकि परिजन अपनी जिम्मेदारी पर उन्हें बीएचयू ले जाने की बात पर अड़ गए। इसके बाद लिखित सहमति देने के उपरांत परिजन उन्हें वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर लेकर चले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

इधर, घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मधुपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए और अस्पताल में समुचित इलाज की व्यवस्था नहीं होने का आरोप लगाते हुए धरना-प्रदर्शन करने लगे। देखते ही देखते अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

सूचना पर रॉबर्ट्सगंज थाना प्रभारी धर्मेन्द्र कुमार सिंह, सीओ सिटी रणधीर मिश्रा तथा सुकृत पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद पुलिस प्रशासन ने देर रात करीब एक बजे लोगों को समझाकर अस्पताल परिसर से हटाया।

इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य केंद्र पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ